जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह 

बाराबंकी। मोहर्रम के दृष्टिगत गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम पर्व को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अनुमन्य जुलूस मार्गों की पूर्व से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर विद्युत आपूर्ति सुचारू रखी जाए तथा किसी भी तकनीकी समस्या के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण कर लें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारम्भ नहीं की जाएगी तथा आयोजक यह सुनिश्चित करें कि जुलूस निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित समय के अनुसार ही संपन्न हों। उन्होंने धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखते हुए आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द की परंपरा को मजबूत करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस एवं खुफिया तंत्र लगातार सक्रिय रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों एवं आयोजकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री का प्रसार न किया जाए। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा कानून का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सहयोग की भावना बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.