15 मई से 31 मई तक 16526 आयुष्मान कार्ड बनाकर जनपद रामपुर ने प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में जिले में योजनाओं को मिल रही गति।
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी अजय द्विवेदी के नेतृत्व में जनपद रामपुर में आयोजित विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान ने प्रदेश में नवीन कीर्तिमान स्थापित किया है।
जनपद में 15 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित विशेष अभियान के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए 16526 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे रामपुर को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा प्रदान की जाती है। इस योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जनजागरूकता एवं कार्ड जारी करने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, ग्राम पंचायतों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर लोगों को योजना के लाभों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि जनपद रामपुर में 31 मई 2026 तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 86.50 प्रतिशत प्रगति प्राप्त की जा चुकी है, जबकि कुल पात्र परिवारों में से 60.93 प्रतिशत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्रीय टीमों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए वित्तीय कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थी देशभर के सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
