बुंदेली शेफ सीज़न 3: स्वाद का ताज शाजिदा अमीर के सिर, सिंगापुर में भारतीय रेस्तरां खोलने की जताई इच्छा

छतरपुर, दिसंबर 2025। पिछले दो महीनों से बुंदेली महिलाओं की पाककला, आत्मविश्वास और परंपरा का उत्सव बनी बुंदेली शेफ सीज़न 3 प्रतियोगिता का भव्य ग्रैंड फिनाले रविवार को छतरपुर स्थित द रुद्राक्ष होटल में आयोजित हुआ। बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में स्वाद, हुनर और जुनून की अनूठी जुगलबंदी देखने को मिली। कड़े मुकाबले के बाद झाँसी की शाजिदा अमीर ने अपने लाजवाब बुंदेली व्यंजनों से निर्णायकों का दिल जीतते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में पन्ना की नैंसी शिवहरे (वर्तमान में बेंगलुरु निवासी) प्रथम उपविजेता रहीं, जबकि छतरपुर की विभा अग्निहोत्री ने द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। ग्रैंड फिनाले में छह प्रतिभागियों—विभा अग्निहोत्री, स्वप्निल मोदी, रश्मि ठाकुर, शाजिदा अमीर, नैंसी शिवहरे और वाइल्ड कार्ड एंट्री से आईं रानू झा—ने अपने-अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। तीनों विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं फाइनल तक पहुँची अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए छतरपुर की माननीय विधायक श्रीमती ललिता यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय महिलाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ बुंदेलखंड की संस्कृति और रसोई को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बुंदेली महिलाओं के आत्मविश्वास और हुनर की सराहना की।

ग्रैंड फिनाले में निर्णायक की भूमिका में बुंदेली शेफ सीज़न 1 की विजेता शमिता सिंह और सीज़न 2 की विजेता ज़हीदा परवीन रहीं। दोनों जजेस ने हर डिश को स्वाद, प्रस्तुति और बुंदेली परंपरा की झलक के आधार पर परखा। वहीं फिल्म अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभागियों को विशेष टास्क दिया, जिसे सभी ने पूरे समर्पण के साथ पूरा किया।

कार्यक्रम की सफलता पर बुंदेलखंड 24×7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि बुंदेली शेफ का उद्देश्य केवल एक शो बनाना नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की महिलाओं को ऐसा मंच देना है जहाँ उनके हुनर को सम्मान और पहचान मिले। उन्होंने सीज़न 3 की सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी। चैनल हेड आसिफ पटेल ने कहा कि बुंदेली शेफ अब सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की पहचान बन चुका है, जो नारी शक्ति और परंपरा को देशभर में सम्मान दिला रहा है।

शो की होस्ट शिवांगी तिवारी ने कहा कि यह मंच अब लोगों की भावनाओं से जुड़ चुका है, जहाँ हर थाली में माँ के हाथों का स्वाद और मिट्टी की खुशबू महसूस होती है।

विजेता बनने के बाद भावुक शाजिदा अमीर ने कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि हर उस बुंदेली महिला की है जो अपने हुनर को दुनिया तक पहुँचाना चाहती है। उन्होंने बताया कि इस जीत से प्रेरित होकर वह भविष्य में सिंगापुर में भारतीय रेस्तरां खोलकर बुंदेलखंड और भारत का नाम रोशन करना चाहती हैं।

आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की सफलता में रुद्राणी कलाग्राम का विशेष सहयोग रहा। पीआर 24×7 पीआर पार्टनर, अफ्फी स्पोर्ट्स ट्रॉफी पार्टनर, तारुका इको, डिवाइन डेकोर एंड गिफ्ट गैलरी और बुंदेलखंड्स फेमस गिफ्टिंग पार्टनर रहे। वैन्यू पार्टनर द रुद्राक्ष होटल और ‘2030 का भारत’ सोशल पार्टनर रहा।

ग्रैंड फिनाले का समापन इस घोषणा के साथ हुआ कि आने वाला सीज़न बुंदेली पाक कला के लिए और भी सुनहरा होगा। बुंदेली शेफ सीज़न 3 ने यह साबित कर दिया कि यह मंच सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की नारी शक्ति, परंपरा और स्वाद की पहचान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.