- रिपोर्ट: प्रेम सिन्हा
Patna: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत पटना के बोरिंग स्थित कोकिल कैम्पस में वरिष्ठ साहित्यकार कमल किशोर वर्मा के आवास पर एक भव्य साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने समाज निर्माण में साहित्यकारों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य समाज को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उपस्थित लोगों से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील भी की।
विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी विनोद पंकज और डॉ. प्रियंका सिन्हा ने भी लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
साहित्यिक गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार कमल किशोर वर्मा, डॉ. शशि भूषण प्रसाद, डॉ. किशोर सिन्हा, पूनम कटियार, ऋचा वर्मा, शिवेश सिन्हा, प्रमोद कुमार, रवि श्रीवास्तव और कमल नयन श्रीवास्तव ने अपनी रचनाओं का काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके अलावा अनुपमा सिंह और मो. नसीम अख्तर ने अपनी शायरी प्रस्तुत की, जबकि मधुरेश नारायण ने स्वरचित गीत सुनाया। कार्यक्रम की शुरुआत संगीता वर्मा द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई और समापन उनके धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ।
