सरकारी और निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों पर बड़ी कार्रवाई: SDM सदर ने दिए FIR और गिरफ्तारी के निर्देश
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर, 12 जुलाई 2025
जनपद मिर्जापुर के चिल्ह थाना क्षेत्र में आज समाधान दिवस के अवसर पर बड़ी कार्रवाई की गई। एसडीएम सदर गुलाब चंद्र और एसपी सिटी नितेश सिंह की मौजूदगी में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें भूमि विवाद से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।
इस दौरान सरकारी भूमि और निजी व्यक्तियों के खेतों पर जबरन कब्जा करने वाले भू-माफियाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम सदर ने थाना अध्यक्ष चिल्ह को FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
बताया गया कि यह कार्रवाई राजस्व न्यायालय द्वारा धारा 24 के अंतर्गत लंबित मामलों और जबरन कब्जे की शिकायतों के परिप्रेक्ष्य में की जा रही है। एसडीएम सदर ने मौके पर ही राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को धारा 24 के मामलों का तुरंत निस्तारण करने का आदेश दिया।
थाना समाधान दिवस में तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान चिल्ह थाना अध्यक्ष, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं कई फरियादी उपस्थित रहे। एसडीएम सदर की इस सख्त कार्रवाई से भूमि कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी और निजी संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
