सावधान! ऐलनाबाद में लगातार चोरी की घटनाओं से नागरिकों में डर का माहौल, पुलिस कार्रवाई से नहीं है संतुष्टि
ऐलनाबाद, 14 अगस्त (एम.पी. भार्गव)। तिब्बी अड्डा क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। गत रात्रि क्षेत्र में तीन जगह चोरी हुईं, वहीं कल रात चोर एक घर में घुस गए, लेकिन घरवालों की सतर्कता से भाग खड़े हुए। ये घटनाएँ रात 1 बजे से 2:30 बजे के बीच हो रही हैं, जिससे नागरिकों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है। पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों में संतोष नहीं है।
इन हालिया घटनाओं को देखते हुए नागरिकों और दुकानदारों से अपील है कि वे आपसी सहयोग से पुरानी चौकीदार व्यवस्था को पुनः लागू करें। इस व्यवस्था के तहत रात में 2–3 चौकीदार अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त करें, जिनके पास सीटी, टॉर्च और आवश्यक सुरक्षा उपकरण हों। उनका वेतन दुकानदारों के सामूहिक योगदान से तय किया जा सकता है। समय-समय पर बैठक कर उनकी ड्यूटी, गश्त का समय और सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की जाए।
मोहल्लों में भी आपसी सहयोग से चौकसी बढ़ाने की आवश्यकता है। हर गली या मोहल्ले में लोग बारी-बारी से रात में पहरा दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी पुलिस और पड़ोसियों को दें। सामुदायिक सुरक्षा पद्धति अपनाकर रात्री सुरक्षा में सुधार लाया जा सकता है और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।
