बाराबंकी: मुठभेड़ में दो कुख्यात चोर गिरफ्तार, एक घायल — लाखों की चोरी का हुआ खुलासा

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह राजपुत

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नंबर के तहत बाराबंकी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। फतेहपुर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात चोरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों अपराधी पुराने हिस्ट्रीशीटर हैं और लखनऊ व बाराबंकी में कई गंभीर मामलों में वांछित थे।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि तालगांव नहर पटरी पुल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं। इस पर फतेहपुर पुलिस और स्वाट टीम ने त्वरित घेराबंदी की। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज उर्फ भागी पुत्र सूरज लाल लोनिया, निवासी मोहम्मदपुर खाला, बाराबंकी और समर सिंह उर्फ पपली पुत्र मिश्रीलाल, निवासी जलालपुर, थाना रामनगर, बाराबंकी के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से 10,000 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी किया गया पान मसाला बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि इन दोनों ने 3-4 जून की रात बेहटी गांव, फतेहपुर में लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया था। इस चोरी में सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ पान मसाला के पैकेट भी चुराए गए थे।

फतेहपुर पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों की गिरफ्तारी से चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है। हालांकि, पुलिस अभी भी इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.