Barabanki Seva Sankalp Abhiyan: बाराबंकी में सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रदर्शनी, भाषण-निबंध प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
Barabanki Seva Sankalp Abhiyan: सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में जनपद स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। रंगों से सजी विद्यार्थियों की रचनाएं प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मसौली की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद विभाग तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि आज शिक्षा और प्रतियोगिता का दौर है। पहले नौकरियों में भाई-भतीजावाद की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन योगी सरकार में गरीब और प्रतिभाशाली युवाओं को पारदर्शिता के साथ रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय भाषण, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट स्थान हासिल किए। भाषण प्रतियोगिता में हरि प्रसाद पब्लिक इंटर कॉलेज, दरियाबाद की यशी शुक्ला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रामांचल इंटर कॉलेज, हैदरगढ़ की अदिति सिंह द्वितीय तथा युगांतर इंटर कॉलेज, फतेहपुर की वंशिका पटेल तृतीय रहीं।
चित्रकला प्रतियोगिता में नूर मोहम्मद इंटर कॉलेज, जैदपुर की वर्तिका सिंह प्रथम रहीं। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के अभिजित प्रताप सिंह ने द्वितीय तथा श्री साईं इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग की धृति श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में आचार्यश्री चंद्र देव इंटर कॉलेज, फतेहपुर की नेहा वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज, हैदरगढ़ की महिमा मौर्या द्वितीय तथा श्री सुंदर लाल इंटर कॉलेज, औरेला, सिरौली गौसपुर की मरहबा आफरीन तृतीय रहीं।
