बाराबंकी: बस स्टैंड से जनेस्मा कॉलेज होते हुए रेलवे स्टेशन तक बन रही सड़क का जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने किया निरीक्षण

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह राजपुत

बाराबंकी: शहर में बस स्टैंड से जनेस्मा कॉलेज होते हुए रेलवे स्टेशन तक बन रही सड़क का जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पैदल चलकर निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे निर्माणाधीन मार्ग का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

लगभग 1.5 किमी लंबाई वाले इस मार्ग का निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य अवस्थापना निधि से कराया जा रहा है, जिसकी कुल लागत लगभग ₹308.51 लाख है। इस परियोजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, दोनों ओर नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट लगाना, हरित पट्टी/पौधरोपण तथा सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही सड़क को व्यवस्थित और चौड़ा बनाने के लिए आरओडब्ल्यू से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही भी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस मार्ग को एक मॉडल सड़क के रूप में तैयार किया जाए, ताकि यह शहर के लिए उदाहरण बन सके। उन्होंने कहा कि सभी कार्य मानक की विशिष्टताओं के अनुरूप और व्यवस्थित तरीके से हों तथा निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण के दौरान यातायात सुचारु रहे और आम लोगों को कम से कम असुविधा हो।जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पूर्ण होने के उपरांत शहरवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के साथ अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सड़क उपलब्ध होगी, जिससे नगर के समग्र विकास को गति मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.