बदायूं में 17 सितंबर को जलेंगे पांच लाख से अधिक दीये, लाभार्थियों के घर भी होगा दीप प्रज्ज्वलन

सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, 297 दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण

Badaun: जिले में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले में पांच लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सभी निर्मित परियोजनाओं, कछला और अटेना गंगा घाट, प्रमुख मंदिरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों, 1037 ग्राम पंचायतों तथा 21 नगर पालिका और नगर पंचायतों में शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इसके साथ ही विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे। इनमें किसान सम्मान निधि के 4,10,928, विधवा पेंशन के 66,605, वृद्धावस्था पेंशन के 76,444, दिव्यांगजन पेंशन के 20,388 तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 44,766 लाभार्थी शामिल हैं।

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और रक्तदान शिविरों का आयोजन

रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। प्रभारी मंत्री ने अभियान की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ सभी तहसीलों और डायट ऑडिटोरियम में दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग में पंजीकृत 297 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। वहीं 17 से 22 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। 17 सितंबर को जिला पुरुष चिकित्सालय, 18 सितंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, 19 सितंबर को चेरिटेबल ब्लड सेंटर, 20 सितंबर को जौहरी नर्सिंग होम, 21 सितंबर को भारत चेरिटेबल ब्लड सेंटर और 22 सितंबर को नेशनल चेरिटेबल ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर आयोजित होगा।

इसी क्रम में सभी तहसीलों और डायट ऑडिटोरियम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 500 टूलकिट भी वितरित की जाएंगी।

10 अक्टूबर तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्यालयों, विकासखंडों और जिला मुख्यालयों पर कक्षा 5 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

अभियान के दौरान ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’, ‘सुशासन सेवा संवाद’, यज्ञ एवं प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल और सीधा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रील बनाकर सूचना पोर्टल पर अपलोड भी की जाएगी।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.