Badaun: कार से माल लेकर मेरठ जा रहे थे आरोपी गिरफ्तार, ड्राइवर ने रिश्तेदार के साथ मिलकर रची चोरी की साजिश,
Badaun: थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी कार से 79 लाख रुपये नकद, करीब 21 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त हुंडई वर्ना कार बरामद की है। दोनों आरोपी मेरठ के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 323/2026 में प्रकाश में आए आरोपी आरिफ अंसारी पुत्र असगर अंसारी निवासी इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ीगेट, मेरठ और वसीम अंसारी पुत्र निजामुद्दीन निवासी पूर्वा अब्दुल वाली, थाना कोतवाली, मेरठ को गिरफ्तार किया।
ड्राइवर ने रिश्तेदार के साथ मिलकर बनाई थी योजना
पूछताछ में आरोपी आरिफ अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह शेख दिलावर हुसैन सर्राफ के यहां ड्राइवर का काम करता है। 10 सितंबर 2026 को वह मालिक की गाड़ी से कर्मचारी सरफराज के साथ बदायूं माल देने और लेने आया था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरिफ और वसीम ने माल और रुपये चोरी करने की योजना बनाई।
आरोपी ने बताया कि बदायूं से मेरठ लौटते समय दास कॉलेज के पास बिरयानी खाने का बहाना बनाकर गाड़ी खड़ी की गई। इसके बाद सरफराज को दुकान की ओर ले जाया गया और योजनाबद्ध तरीके से वसीम अपनी वर्ना कार से मौके पर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने गाड़ी में रखे रुपये और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। संदेह से बचने के लिए गाड़ी का पीछे का शीशा भी तोड़ दिया गया।
आरोपियों से नकदी और सोने के आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी वसीम अंसारी के कब्जे से 500-500 रुपये के नोटों की 100 गड्डियां यानी 50 लाख रुपये बरामद हुए। वहीं हुंडई वर्ना कार से 500-500 रुपये के नोटों की 57 गड्डियां और 100-100 रुपये के नोटों की पांच गड्डियां, कुल 29 लाख रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और प्लास भी बरामद हुआ।
आरोपी आरिफ अंसारी के पास से कंगन, कंठी माला और पीली धातु के छोटे-बड़े टुकड़े बरामद हुए, जिनका कुल वजन 101.68 ग्राम बताया गया है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
घटना के सफल खुलासे और बरामदगी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह, निरीक्षक सुपेन्द्र मलिक, उपनिरीक्षक अनन्त आमौरिया, कांस्टेबल दीपक कुमार, अविनाश कुमार, देवेन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल रूचि शामिल रहीं।
