- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग किशोरी को मेला दिखाने का झांसा देकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, शनिवार 19 जुलाई 2026 को क्षेत्र भ्रमण, संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर मेहदीगंज बस स्टॉप, रिंग रोड के पास से आकाश उर्फ गोलू और राकेश कुमार पटेल उर्फ लूजे को गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध थाना मिर्जामुराद में मुकदमा संख्या 209/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(जी)/6 में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री, जिसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है, को आरोपी मेला दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उनके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
