फरीदाबाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी विकास परियोजनाओं की सौगात, युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र

फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए जिले को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने रोजगार मेले में चयनित युवाओं को बटन दबाकर नियुक्ति पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि फरीदाबाद केवल एक औद्योगिक शहर ही नहीं, बल्कि हरियाणा के आर्थिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विकास का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि आज 120 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से चार विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है।

उन्होंने स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देते हुए स्वच्छता शुभंकर और स्वच्छता कॉमिक का भी अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में इस क्षेत्र के विकास के लिए 44 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 24 पूरी हो चुकी हैं और शेष पर कार्य जारी है। इस अवधि में कुल 1321 करोड़ 57 लाख रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए 390 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इसके अलावा सेक्टर 75 से 89 तक 144 करोड़ रुपये की लागत से बरसाती नाले का निर्माण, आगरा कैनाल सर्विस रोड का 33 करोड़ 50 लाख रुपये से चौड़ीकरण, और सेक्टर 31 में 20 करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का निर्माण किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि शहर में प्रदूषण कम करने के लिए जंक्शनों का चरणबद्ध सुधार किया जाएगा और 50 कम्युनिटी सेंटर व 300 सार्वजनिक पार्कों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा। ग्रेटर फरीदाबाद में ‘दिव्य नगर योजना’ के तहत करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नेचर पार्क बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि ग्रेटर फरीदाबाद में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी। सेक्टर-8 में PPP मोड पर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल खोला जाएगा और सेक्टर-12 के स्पोर्ट्स स्टेडियम के स्विमिंग पूल को अपग्रेड कर संचालित किया जाएगा।

इसके अलावा HSIIDC द्वारा आईएमटी सेक्टर-66 को वाणिज्यिक सेक्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकसित फरीदाबाद के व्यापक विजन को साकार करना है, जहां हर नागरिक को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उच्च जीवन स्तर उपलब्ध हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.