होली पर्व व रमजान शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील

बदायूँ : होली पर्व व रमजान के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, पुलिस अधिकारियों एवं सहित गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ शांति समिति की बैठक पुलिस ग्राउंड के सभागार में आयोजित की। परम्परागत तरीके से त्यौहार मनाए जाएं। कोई नई परंपरा नहीं पड़ने दी जाए।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जनपद में पूर्व की भांति इस वर्ष भी होली व रमजान त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस एवं प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस अधीक्षक नगर को सोशल मीडिया पर निगरानी हेतु नामित किया गया।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन से निगरानी कराई जाएगी।
अधिकारियो ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन चलाने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।
जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 प्रभावी है। इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। आवकारी विभाग अभियान चलाकर जनपद में अवैध शराब बनाने व उसकी बिक्री पर रोक लगाने हेतु प्रभावी कदम उठाने के साथ-साथ किसी भी दशा में ओवर रेटिंग व ज़हरीली शराब की बिक्री न हो यह सुनिश्चित कराएं।
नगर निकाय व पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जिन मार्गां पर होली होती है उन मार्गां का पहले ही निरीक्षण कर गढ्डे इत्यादि यदि कहीं हो तो उन्हें ठीक कराया जाए। जिला चिकित्सालय व अन्य चिकित्सालय में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं प्रभावी रहें। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्युत के झूलते व लटकते तार यदि कहीं हो तो उन्हें दुरुस्त किया जाए। अग्निशमन की व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.