Shamli: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में साजिश के आरोपी गैंगस्टर राकेश पंपू की शुक्रवार को शामली कोर्ट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी होगी। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पंपू ने कोर्ट से व्यक्तिगत रूप से पेश किए जाने के बजाय VC के माध्यम से पेशी की मांग की थी।
पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या में शामिल चार शूटरों में पंपू गैंग के शूटर भी शामिल थे। जांच में गैंगस्टर राकेश पंपू की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि करनाल जेल में बंद रहने के दौरान उसने हत्या की साजिश रची थी।
शामली पुलिस ने मामले में उसकी भूमिका स्पष्ट होने के बाद उसे कोर्ट में पेश करने और रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने राकेश पंपू की रिमांड के लिए अदालत में आवेदन भी दिया है।
रिमांड की मांग के बाद राकेश पंपू ने कोर्ट के समक्ष यूपी पुलिस और एसटीएफ से एनकाउंटर का खतरा जताया। उसका कहना था कि रिमांड के बहाने पुलिस या एसटीएफ उसे नुकसान पहुंचा सकती है। उसने यह भी मांग की कि यदि उसे रिमांड पर भेजा जाता है तो सुरक्षा के लिए उसके पूरे शरीर पर बेड़ियां डाली जाएं।
सुरक्षा संबंधी आशंकाओं का हवाला देते हुए कोर्ट से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेशी की मांग की गई। इसके बाद आज राकेश पंपू की शामली कोर्ट में VC के माध्यम से पेशी होगी।
