नशा तस्कर जनक सिंह के खिलाफ अमृतसर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सरकारी ज़मीन पर बनी अवैध इमारतें ढहाई गईं | 150 किलो हेरोइन बरामद | 4 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

अमृतसर – पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नशा तस्कर जनक सिंह पर शिकंजा कसा है।

एसएसपी ग्रामीण मनिंदर सिंह ने जानकारी दी कि जनक सिंह, जो गांव रङगढ़ (अटारी बॉर्डर) का रहने वाला है, उस पर पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस को पीडीपी की शिकायत मिली थी कि जनक सिंह काले धन से सरकारी ज़मीन पर अवैध निर्माण कर रहा है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध इमारतें ध्वस्त कर दीं। यह अमृतसर में नशा तस्करों के खिलाफ छठी बड़ी कार्रवाई है। अब तक अमृतसर ग्रामीण पुलिस 150 किलो हेरोइन बरामद कर चुकी है और करीब 2 करोड़ की नकदी ज़ब्त की है। साथ ही 4 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज़ की गई है।

एसएसपी ने बताया कि जनक सिंह हाल ही में जेल से ज़मानत पर बाहर आया था, लेकिन उसने फिर से काले धन से आलीशान महल खड़ा करने की कोशिश की। उन्होंने साफ कहा कि मेहनत-मज़दूरी से इतनी संपत्ति बनना संभव नहीं है।

उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी नशे के कारोबार में शामिल होगा, उसके खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, पंजाब के युवाओं को संदेश दिया कि वे नशे से दूर रहकर मेहनत करें, अपने परिवार और राज्य का नाम रोशन करें। यह गुरुओं और पीरों की पवित्र धरती है, इसे बदनाम नहीं होने देना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.