अमृतसर पुलिस एनकाउंटर: क्रिएटिव व्हील्स फायरिंग केस का मुख्य आरोपी घायल, दो शूटर गिरफ्तार

अमृतसर।अमृतसर में अप्रैल 2025 के दौरान टायरों की दुकान क्रिएटिव व्हील्स पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान फायरिंग केस का मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ लाल पुलिस एनकाउंटर में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत सिंह लाल को हथियारों की बरामदगी के लिए बटाला रोड स्थित सनसिटी के बैक साइड ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को बताया कि इस मामले में गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के दो शूटर—गुरप्रीत सिंह उर्फ लाल (23 वर्ष) और जोबन (18 वर्ष)—को गिरफ्तार किया गया है। जबकि उनका तीसरा साथी बोहर सिंह पहले से ही जेल में बंद है, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।

जांच में यह भी सामने आया है कि क्रिएटिव व्हील्स पर फायरिंग से पहले दुकानदार को फिरौती के लिए धमकी भरी कॉल की गई थी। पुलिस के अनुसार, हर वारदात के बदले शूटरों को करीब 10 हजार रुपये दिए जाते थे। हथियारों की पूरी व्यवस्था गैंगस्टर प्रभ दासूवाल द्वारा की जाती थी, जो ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से हथियार मंगवाता था।

पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि अमृतसर, तरनतारन और वल्टोहा समेत कई इलाकों में हुई फायरिंग की घटनाएं इसी गिरोह से जुड़ी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि गैंगस्टर नेटवर्क और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.