Drug Awareness Campaign: राजकीय रजा पीजी कॉलेज में पड़ोस युवा संसद आयोजित, पोस्टर और स्लोगन से दिया नशामुक्ति का संदेश
नशे से दूर रहकर युवा राष्ट्र निर्माण में दें योगदान
Rampur Drug Awareness Campaign: नशे की लत युवाओं के भविष्य के साथ परिवार की खुशियां भी छीन लेती है। युवाओं को इसके दुष्परिणामों से जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए राजकीय रजा पीजी कॉलेज में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत की ओर से पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने नशे की समस्या, उसके दुष्परिणामों और रोकथाम के उपायों पर विचार रखे। साथ ही पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
Rampur Drug Awareness Campaign: नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो.अरशद रिजवी, एनसीसी अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ.वंदना ने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने युवाओं में संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने में ऐसे कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया।

Rampur Drug Awareness Campaign: स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ राजपाल, सुरेश आर्य और अजय यादव ने नशे के सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। चर्चा के दौरान नैना, कृतिका, महक सहित अन्य युवाओं ने भी अपने विचार और सुझाव रखे। उन्होंने नशे की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई, साथ ही स्लोगन लेखन और पोस्टर निर्माण गतिविधियों में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया।
Rampur Drug Awareness Campaign: नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की ली शपथ
समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम के आयोजन में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों निधि, नवनीत, मनु, अमन, गिरीश और अंकित ने सहयोग भी किया।
