अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

Amritsar: कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2 AK-47 राइफलें, 3 मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक हथियार तस्कर के संपर्क में थे। आरोपियों पर पंजाब में आपराधिक तत्वों को अवैध हथियार उपलब्ध करवाने में शामिल होने का संदेह है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना छेहरटा, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध हथियारों की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

जांच एजेंसियां मामले की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज भी खंगाल रही हैं। साथ ही विदेश में बैठे हथियार तस्कर के साथ आरोपियों के संपर्क और सीमा पार से हथियारों की तस्करी से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के तार सामने आने के बाद अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े और भी लोगों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और नेटवर्क के व्यापक स्तर का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही सीमा पार से होने वाली हथियारों की तस्करी पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.