रक्षाबंधन से पहले रिश्तों पर लगा दाग! सगे भाई ने बहन पर लोहे की रॉड से किया जानलेवा हमला

प्रॉपर्टी विवाद ने लिया खूनी रूप, पिता की मौजूदगी में बहन पर ताबड़तोड़ हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

  • गंभीर रूप से घायल बहन अस्पताल में भर्ती, दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने का आरोप; परिवार ने सख्त कार्रवाई की मांग की
  • पुलिस का दावा- पीड़िता के बयान मिलते ही होगी कानूनी कार्रवाई, संपत्ति विवाद की जांच जारी

रक्षाबंधन के पवित्र पर्व से कुछ दिन पहले अमृतसर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। जहां रक्षाबंधन के दिन भाई अपनी बहनों की रक्षा करने का वचन देते हैं, वहीं अमृतसर के न्यू मॉडल टाउन, खंडवाला (छेहरटा) इलाके में एक सगे भाई पर अपनी ही बहन को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटने के आरोप लगे हैं। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, जैसे ही पीड़िता अपने भाई के घर से बाहर निकलती है, उसी समय एक कार वहां आकर रुकती है। कार से उसका सगा भाई और पिता बाहर निकलते हैं। आरोप है कि भाई ने हाथ में लोहे की रॉड लेकर अपनी बहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फुटेज में महिला खुद को बचाने की कोशिश करती और दर्द से चीखती हुई दिखाई देती है, जबकि आरोपी लगातार उस पर वार करता रहता है। आरोप यह भी है कि पिता मौके पर मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने हमला रोकने की कोई कोशिश नहीं की। कुछ देर बाद दूसरे भाई की पत्नी के बाहर आने पर आरोपी वहां से फरार हो गया।

पीड़िता के बड़े भाई मनदीप सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उनकी बहन नवदीप कौर मुंबई से उनसे मिलने अमृतसर आई थी। आरोप है कि छोटे भाई को इस बात की रंजिश थी कि वह बड़े भाई के घर क्यों आई। जब वह अपने ससुराल जाने के लिए निकली, तभी रास्ते में उस पर हमला कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस हमले में उसकी दोनों टांगों और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं तथा एक पैर दो जगह से फ्रैक्चर हो गया है। पीड़िता का ऑपरेशन किया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि पूरे विवाद की जड़ पारिवारिक संपत्ति है। उनके अनुसार, छोटा भाई पूरी संपत्ति अपने नाम करवाना चाहता है और इसी बात को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी उनके साथ मारपीट कर चुका है और कृपाण से हमला करने की कोशिश भी कर चुका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले करीब 20 दिनों से लगातार धमकियां देने और झगड़ा करने का सिलसिला जारी था।

वहीं, थाना छेहरटा के प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को इस घटना की शिकायत मिली है और प्रारंभिक जांच में पारिवारिक संपत्ति विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को पहले गुरु नानक देव अस्पताल और बाद में दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल डॉक्टरों ने पीड़िता को बयान देने के लिए अनफिट घोषित किया है, इसलिए अभी उसके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि जैसे ही पीड़िता के बयान दर्ज होंगे और जांच पूरी होगी, जिस भी व्यक्ति की भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार से पहले सामने आई इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट और संपत्ति विवादों के खतरनाक परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.