Alwar News: अलवर में यूआईटी के अधिकतर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बदहाली का शिकार: विकास और सौंदर्यीकरण की दरकार
- रिपोर्ट- अशोक महान
(अलवर):-अलवर- अलवर शहर में जहां आबादी बढ़ रही है और आबादी क्षेत्रों का विस्तार हो रहा है, वहीं यूआईटी द्वारा आमजन को सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर बनाए गए अधिकतर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं। वर्षों पहले यूआईटी द्वारा अलवर में जय कॉम्प्लेक्स, रघु कॉम्प्लेक्स, शिव कॉम्प्लेक्स आदि जैसे बहुत से व्यापारिक कॉम्प्लेक्स बनाए थे।
विभिन्न व्यापारिक कॉम्प्लेक्सों को शहर के आर्थिक विकास का केंद्र बनाने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन आज अधिकतर बदहाली का शिकार हैं। वर्षों पहले भूखंड बेचकर यूआईटी ने इन कॉम्प्लेक्सों की तरफ दोबारा मुड़कर नहीं देखा, जिसका खामियाजा आज व्यापारी और ग्राहक दोनों भुगत रहे हैं।
सुविधाओं का अभाव, व्यापार पर असर
अधितकर कॉम्प्लेक्सों में मूलभूत सुविधाओं जैसे साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और सौंदर्यकरण आदि विकास कार्यों की आवश्यकता है। वर्षों की अनदेखी ने इन जगहों पर बदहाली का आलम कर यहां आना-जाना मुश्किल कर दिया है, जिससे ग्राहकों की संख्या कम हो गई है. परिणामस्वरूप, स्थानीय व्यापारी बेहतर माहौल की कमी के कारण व्यापार में भारी नुकसान उठा रहे हैं. शहर के मुख्य बाजारों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए इन सभी कॉम्प्लेक्सों का विकास और सौंदर्यीकरण बेहद जरूरी हो गया है।
आर्थिक विकास के लिए कायाकल्प जरूरी
व्यापारियों और निवासियों का कहना है कि अगर यूआईटी और नगर निगम शहर के विभिन्न शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों के विकास पर ध्यान दें तो इन्हें फिर से जीवंत कर महानगरों की तर्ज पर विकसित किया जा सकता है। उनका मानना है कि सड़कों की मरम्मत, लाइटिंग की व्यवस्था, नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण से यहां व्यापार का बेहतर माहौल बनेगा. यह न केवल यहां के व्यापारियों के लिए फायदेमंद होगा, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगा।
यह समय की मांग है कि यूआईटी इन सभी उपेक्षित व्यापारिक परिसरों के कायाकल्प के लिए एक व्यापक योजना तैयार करे, ताकि वे शहर की आर्थिक प्रगति में सकारात्मक योगदान दे सकें।
