विधवा को मृत दिखाकर फर्जी उत्तराधिकार दर्ज कराने का आरोप, एसडीएम से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
रामपुर। जनपद रामपुर की मिलक तहसील क्षेत्र के अताई नगर निवासी एक विधवा महिला ने राजस्व अभिलेखों में कथित फर्जीवाड़े का गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मिलक को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है। महिला का आरोप है कि उसे जीवित होने के बावजूद सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर फर्जी उत्तराधिकार दर्ज कराया गया और उसकी वैध संपत्ति हड़पने का प्रयास किया गया।
शिकायतकर्ता शीला, पत्नी स्वर्गीय हरिराम, निवासी अताई नगर ने बताया कि उनके पति हरिराम का 25 नवंबर 2025 को निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद वह वैध उत्तराधिकारी होने के नाते संबंधित कृषि भूमि की विधिसम्मत वारिस के रूप में राजस्व अभिलेखों में दर्ज हैं।
महिला का कहना है कि उनकी कोई संतान नहीं है। इसी का फायदा उठाते हुए उनके जेठ, जेठानी और एक कानूनगो ने कथित रूप से आपसी मिलीभगत कर राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर की साजिश रची। शिकायत के अनुसार, हल्का लेखपाल की जांच रिपोर्ट में वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद उसे नजरअंदाज कर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और महिला को मृत दर्शाते हुए किसी अन्य व्यक्ति के नाम उत्तराधिकार दर्ज कर दिया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सरकारी अभिलेखों में कूटरचना, धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा कर उसकी वैध संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई है। उन्होंने एसडीएम मिलक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा फर्जी तरीके से दर्ज किए गए राजस्व अभिलेखों को निरस्त कर न्याय दिलाने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर जांच की कार्रवाई अपेक्षित है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
