एयर इंडिया ने 21 जून से 15 जुलाई तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में की कटौती, अमृतसर-लंदन रूट पर सेवाएं निलंबित
अमृतसर, 20 जून 2025: एयर इंडिया ने अपने बोइंग 787 और 777 विमानों की उपलब्धता में कमी के चलते 21 जून से 15 जुलाई 2025 तक कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन में अस्थायी कटौती की घोषणा की है। इस निर्णय का प्रभाव अमृतसर से चलने वाली प्रमुख अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है।
एयर इंडिया द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अमृतसर से लंदन (गैटविक) के लिए संचालित फ्लाइट AI169/170 को 15 जुलाई तक पूरी तरह से निलंबित कर दिया गया है। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था या रिफंड की सुविधा दी जा रही है।
इसके अलावा अमृतसर-बर्मिंघम और दिल्ली-बर्मिंघम के बीच चलने वाली उड़ानों की संख्या में भी कटौती की गई है। पहले यह सेवाएं सप्ताह में तीन बार संचालित होती थीं, लेकिन अब इन्हें केवल दो बार प्रति सप्ताह तक सीमित कर दिया गया है।
एयर इंडिया ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि जैसे ही विमानों की उपलब्धता सामान्य होगी, सेवाएं फिर से बहाल कर दी जाएंगी।
