- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार
सोनभद्र (दुद्धी)। ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी दुद्धी को सौंपा।
ज्ञापन में देश के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने की हालिया घटना की तीव्र निंदा करते हुए इसे संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया गया। अधिवक्ताओं ने कहा कि यह विरोध दर्ज करने का तरीका नहीं, बल्कि राष्ट्र की सर्वोच्च संस्थाओं को कमजोर करने और समाज में अराजकता फैलाने का प्रयास है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे अपमानजनक और विभाजनकारी कार्यों का विरोध करें। ज्ञापन में घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने, जूता फेंकने वाले अधिवक्ता पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एन.एस.ए.) लगाने और उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही केंद्र सरकार से मुख्य न्यायाधीश माननीय बी. आर. गवई को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने एवं असहिष्णुता फैलाने वाले संगठनों पर सख्त कार्रवाई करने की भी अपील की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता प्रेमचंद यादव, प्रभु सिंह कुशवाहा, आशीष गुप्ता, रामानुज, राकेश अग्रहरी, रामेश्वर राव, अंजनी यादव, अभिनव और सत्यनारायण गुप्ता सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
