रामपुर, 17 जून — डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल ने सोमवार को रामपुर पुलिस लाइन का दौरा कर आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के आगामी प्रशिक्षण की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक रामपुर विद्यासागर मिश्र के साथ सलामी भी ली।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने आरटीसी बैरक, मल्टी स्टोरी बैरक, बड़ा हॉल, हटमैन्ट बैरक, जवान बैरक, भोजनालय, शौचालय, स्नानागार एवं क्लासरूम सहित सभी प्रशिक्षण से संबंधित स्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व सुव्यवस्थित बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर, क्षेत्राधिकारी लाइन्स/टांडा, प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह निरीक्षण आगामी JTC एवं RTC प्रशिक्षण सत्र के लिए रामपुर को आवंटित अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण को लेकर की जा रही तैयारियों की स्थिति को परखने के उद्देश्य से किया गया।
पुलिस अधीक्षक रामपुर ने सीधी भर्ती-2023 के चयनित आरक्षियों के प्रशिक्षण की तैयारियों की समीक्षा की, प्रशिक्षुओं से की मुलाकात
रामपुर, 17 जून 2025 — पुलिस अधीक्षक रामपुर विद्यासागर मिश्र ने आज सीधी भर्ती-2023 के अंतर्गत चयनित आरक्षियों के आगामी जे0टी0सी0 प्रशिक्षण की तैयारियों की समीक्षा की और प्रशिक्षण के लिए पहुंचे रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2023 के अंतर्गत जनपद रामपुर को जे0टी0सी0 प्रशिक्षण हेतु कुल 359 रिक्रूट आरक्षी आवंटित किए गए हैं, जिनमें जनपद मुजफ्फरनगर से 202 पुरुष, जनपद शामली से 85 पुरुष तथा जनपद सहारनपुर से 72 महिला रिक्रूट आरक्षी शामिल हैं। इन सभी को 17 जून 2025 से प्रशिक्षण दिलाया जाना प्रस्तावित है।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण से संबंधित आवास, भोजन, क्लासरूम, स्नानागार और अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने नवनियुक्त आरक्षियों से बातचीत करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है और इसे पूरी निष्ठा व अनुशासन से पूरा करें।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन तथा प्रतिसार निरीक्षक भी उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं के हर पहलू का जायज़ा लिया।
