रामपुर: 19 अगस्त को जनपद रामपुर में यूपी-112 पर झूठी सूचना देने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, जमील अहमद पुत्र छोटे शाह निवासी ग्राम कुचैटा थाना अजीमनगर ने यूपी-112 पर कॉल कर सूचना दी थी कि ग्राम कुचैटा में गोलियां चल रही हैं। सूचना पर तुरंत पीआरवी-112 और थानाध्यक्ष अजीमनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि गांव में ऐसी कोई घटना घटी ही नहीं थी और दी गई सूचना पूरी तरह झूठी थी।
इस संबंध में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई की और आज दिनांक 19.08.2025 को जमील अहमद को ग्राम कुचैटा से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यूपी-112 पर झूठी सूचना देना दंडनीय अपराध है और ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
