Ellenabad, August 18 ( एम पी भार्गव ): इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हांसी जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्दोष प्रदर्शनकारियों पर खुद पत्थर फेंकना कोई पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि खुली गुंडागर्दी और कानून का घोर उल्लंघन है। यह पुलिस अधिकारी द्वारा किया गया शर्मनाक, अपमानजनक और पूरी तरह से गैर-कानूनी कृत्य है। पुलिस नियमों में कहीं भी यह नहीं लिखा कि प्रदर्शन कर रहे निर्दोष लोगों पर पुलिस द्वारा पत्थर फेंके जाएं। गैर-कानूनी भीड़, उपद्रव और स्थिति नियंत्रण के नाम पर पुलिस का ऐसा बर्बर व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है।
इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया कि कोई एसपी लेवल का अधिकारी खुद प्रदर्शनकारियों पर पत्थर बरसाए। ऐसे ही तो पुलिस वाले अवैध हथियारों का गलत इस्तेमाल कर निर्दोषों को फंसाएंगे और न्याय व्यवस्था को तार-तार करेंगे। यह घटना पुलिस तंत्र की बर्बरता और सत्ता के संरक्षण में हो रही मनमानी का जीता-जागता प्रमाण है। भाजपा सरकार ने पिछले 12 सालों के राज में प्रदेश का पूरी तरह से बेड़ा गर्क कर दिया है। कानून व्यवस्था का दिवालिया पिट चुका है। चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सरकार से मांग की है कि हांसी के एसपी को इस कुकृत्य के लिए सख्त से सख्त सजा दी जाए और तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निर्दोष जनता पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
