जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक का आयोजन
- रिपोर्ट- कपिल राजपूत
बाराबंकी: जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की उन 294 परियोजनाओं की परियोजनावार समीक्षा की गई जिनकी प्रगति 80 प्रतिशत से अधिक दर्शाई गई थी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में परियोजनाओं का स्थलीय सत्यापन संबंधित खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से कराया गया था, जिसमें विभिन्न स्थानों पर कार्यों में कमियां पाई गईं। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसियों को कड़े निर्देश दिए कि पाइपलाइन डालने से पूर्व जिस प्रकार की सड़क थी, पाइपलाइन कार्य पूर्ण होने के उपरांत सड़क को उसी स्थिति में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पुनर्स्थापित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कमियां पाए जाने वाली सभी परियोजनाओं में संबंधित निर्माण एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही पूर्ण कराया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण के सहायक अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन कम से कम तीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करें तथा अगली समीक्षा बैठक में निरीक्षण विवरण एवं प्रगति चार्ट के साथ उपस्थित हों। साथ ही उन्होंने सभी परियोजनाओं में शत-प्रतिशत हाउसहोल्ड कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक परियोजना का नियमित औचक निरीक्षण ब्लॉक एवं तहसील स्तर के अधिकारियों द्वारा भी कराया जाएगा तथा निरीक्षण में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
