आगामी 3 जून को ओटू हेड पर किसान महापंचायत का आयोजन होगा

ऐलनाबाद, 30 मई(एम पी भार्गव) : आगामी 3 जून को ओटू हेड पर किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए एक किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है,‌ जिसके मद्देनजर आज ऐलनाबाद में संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा ईकाई ऐलनाबाद की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में किसान नेताओं कामरेड सरबजीत सिंह सिद्धू, कामरेड सुरजीत सिंह, प्रकाश ममेरा, सुरेंद्र सिंह सिद्धू ने किसानों को इस महापंचायत में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिसार घग्गर ड्रेन से सेम व फैक्ट्रियों का पानी घग्गर नदी में डाला जा रहा है, जब घग्गर में फ्लड का पानी आता है तो वह जहरीला पानी एसजीसी नहर में आने लगता है जिसके कारण एसजीसी नहर व शेरावाली पैरेलर नहर पर पडने वाली जमीनों की फसल तबाह हो रही हैं और हिसार घग्गर ट्रेन ओवरफ्लो होने के कारण सिरसा के चौपटा क्षेत्र मे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है इसके स्थाई हल के लिए संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा की तरफ से ओटू हैड पर महापंचायत की जा रही है।

किसान नेताओं ने बताया कि इस महापंचायत में हिसार घग्गर ड्रेन को पक्का करने, ड्रेन के पानी को एसजीसी नहर से लिफ्टिंग कर घग्गर में डालने,घग्गर नदी में पडने वाले जहरीले पानी को रिट्रीट करके खेती योग्य बनाने के बाद घग्गर में डालने व इस जहरीले पानी के स्थाई हल के लिए सरकार से मांग की जाएगी। उन्होंने इन मांगों को मनवाने के लिए 3 जून 2026 बुधवार को किसानों को अधिक से अधिक संख्या में ओटू हेड पर पहुंचे की अपील की है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.