मिठनपुरा में 24 मई को लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर, मरीजों को दवाइयां भी मिलेंगी मुफ्त
ऐलनाबाद ( एमपी भार्गव ) गांव मिठनपुरा में जन सहारा सामाजिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए 24 मई रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में क्षेत्र के सभी जरूरतमंद मरीजों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जाएगी तथा उन्हें निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। शिविर का शुभारंभ गांव के सरपंच अजय सोलंकी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की उम्मीद है। ट्रस्ट की ओर से शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्रस्ट के प्रधान नरेश सिला ने बताया कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए इस प्रकार के शिविर बेहद जरूरी हैं। हमारा प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार मिल सके, ताकि वे स्वस्थ जीवन जी सकें। आगे भी ट्रस्ट इसी तरह के जनहितकारी कार्य करता रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
