- रिपोर्ट:हरिश चंद्र
कासगंज जनपद के सोरों ब्लॉक अंतर्गत गांव गोपालपुर में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के तहत विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल में बड़ी राहत दी जा रही है।
योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को 31 मार्च 2025 तक के बकाया मूल बिजली बिल पर 25 प्रतिशत तक की छूट तथा 100 प्रतिशत तक ब्याज माफी का लाभ दिया जा रहा है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं और 31 दिसंबर 2025 तक अपना पंजीकरण कराकर बिजली बिल का भुगतान आसान किस्तों में करें।
इस योजना के तहत बिजली चोरी से जुड़े मामलों में भी 50 प्रतिशत तक की छूट दिए जाने का प्रावधान है। योजना के पात्र उपभोक्ताओं में 2 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ता तथा 1 किलोवाट तक के वाणिज्यिक उपभोक्ता शामिल हैं।
पंजीकरण के लिए ₹2000 की राशि निर्धारित की गई है, जबकि शेष बकाया राशि को ₹750 या ₹500 की मासिक किस्तों में जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे उपभोक्ताओं को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी और वे बिना किसी दबाव के अपने बकाया बिल का भुगतान कर सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम विद्युत कार्यालय से भी योजना से संबंधित संपूर्ण विवरण हासिल किया जा सकता है।
