Patna: हरिवंश राय बच्चन की जयंती पर GKC की कवि संगोष्ठी, कवियों ने काव्य पाठ से दी श्रद्धांजलि
- रिपोर्ट: प्रेम सिन्हा
Harivansh Rai Bachchan Jayanti Patna: पद्म भूषण से सम्मानित महान हिंदी कवि एवं साहित्यकार डॉ. हरिवंश राय ‘बच्चन’ की जयंती के अवसर पर ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (GKC) की कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की ओर से कवि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के कई जाने-माने कवियों और साहित्यकारों ने अपनी काव्य रचनाओं की प्रस्तुति देकर महान साहित्यकार को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बच्चन जी की साहित्यिक विरासत, उनकी कालजयी रचना ‘मधुशाला’ और हिंदी साहित्य में उनके योगदान को याद किया गया।
हरिवंश राय बच्चन की कविताएं पीढ़ियों को देती रहेंगी प्रेरणा: राजीव रंजन प्रसाद
जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि हरिवंश राय ‘बच्चन’ हिंदी साहित्य के ऐसे कालजयी रचनाकार हैं, जिनकी कविताओं में जीवन के संघर्ष, प्रेम, आशा, आत्मविश्वास और मानवीय संवेदनाओं की प्रभावशाली अभिव्यक्ति देखने को मिलती है।
उन्होंने कहा कि बच्चन की कालजयी कृति ‘मधुशाला’ ने हिंदी साहित्य को विशिष्ट पहचान दिलाने के साथ कविता को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी रचनाएं आज भी पाठकों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देती हैं। उनकी साहित्यिक विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है GKC
जीकेसी के ग्लोबल उपाध्यक्ष सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष दीपक कुमार अभिषेक ने कहा कि संगठन साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा से जोड़ने के साथ कवियों और रचनाकारों को साझा मंच प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मधुशाला’ सहित बच्चन जी की अन्य रचनाएं आज भी साहित्य प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं। उनकी साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
बच्चन की रचनाओं में जीवन संघर्ष और आशावाद का संदेश
कार्यक्रम के संयोजक राश दादा राश ने कहा कि हरिवंश राय बच्चन की जयंती पर कवि संगोष्ठी का आयोजन उनके साहित्यिक योगदान को याद करने और हिंदी कविता की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने की सार्थक पहल है। उनकी रचनाएं जीवन के संघर्ष, प्रेम, संवेदना और आशावाद का संदेश देती हैं।
जीकेसी के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष एवं कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रेम कुमार ने कहा कि बच्चन जी की कविताएं मानवीय संवेदनाओं और सकारात्मक सोच की अनूठी अभिव्यक्ति हैं। उनकी साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए संगठन का कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ निरंतर प्रयासरत है।
कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां
कवि संगोष्ठी में कमलनयन श्रीवास्तव, राश दादा राश, शुभचंद्र सिन्हा, डॉ. आरती कुमारी, राजेश कुमार कंठ, डॉ. रूबी भूषण, डॉ. श्वेता ग़ज़ल, किशोर सिन्हा, कमल किशोर वर्मा, एमके मधु, मधुरेश नारायण, अरविंद श्रीवास्तव, पंकज कर्ण, सुभाषिनी स्वरूप, माधुरी सिन्हा, डॉ. अपूर्वां वर्मा और अरविंद अकेला ने अपनी काव्य रचनाओं का पाठ किया।
वहीं, पल्लवी श्रीवास्तव और टिया वर्मा ने संगीतमय प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को खास बना दिया। कवियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी साहित्य और बच्चन जी की रचनात्मक विरासत को याद किया गया।
कवियों और अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम का संयुक्त संयोजन राश दादा राश और जीकेसी के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम कुमार ने किया। सह संयोजन कुमार संभव, राकेश कुमार, अश्वनी वर्मा, स्मिता वर्मा और अनुराग समरुप ने किया। कार्यक्रम का संचालन श्वेता सुरभि, अजय अंबष्ट और पल्लवी विक्की ने किया।
इस अवसर पर हरिवंश राय बच्चन और भगवान चित्रगुप्त के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। जीकेसी के पदाधिकारियों और आमंत्रित कवियों-कवयित्रियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में दीप श्रेष्ठ, निलेश रंजन, इंजीनियर राजेंद्र बलिराम, मधुकर वर्मा, मुकेश महान प्रियदर्शी, हर्षवर्धन, अनामिका श्रीवास्तव, पल्लवी श्रीवास्तव और प्रसून श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
