BJP-Akali Dal Alliance: पंजाब में फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, 2027 विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे; अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान

BJP-Akali Dal Alliance (डॉ एम पी भार्गव-विशेष संवाददाता हरियाणा): पंजाब की राजनीति में छह साल बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। गुरु पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की औपचारिक घोषणा की गई। इसके साथ ही अकाली दल की एनडीए में वापसी हो गई है।

24 साल पुराने राजनीतिक रिश्ते की फिर हुई शुरुआत

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने भाजपा और अकाली दल के पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों का संबंध अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के दौर से चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियों में उतार-चढ़ाव के बावजूद दोनों दलों के बीच संबंध बने रहे।

Drinking Water Crisis: चार महीने से नहरी पेयजल को तरसे पांच गांवों के ग्रामीण, मिठनपुरा नहर पुल पर अनिश्चितकालीन रात्रिकालीन धरना शुरू

गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन वर्ष 1996 में शुरू हुआ था। सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दल एक बार फिर राजनीतिक रूप से साथ आ गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सुखबीर बादल को किया फोन

अमित शाह ने बताया कि गठबंधन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल और भाजपा नेतृत्व से बातचीत कर अकाली दल की एनडीए में वापसी पर खुशी जताई। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि बादल साहब की पार्टी की वापसी से एनडीए का पुराना रिश्ता फिर पूरा हुआ है।

अकाली दल रहेगा बड़े भाई की भूमिका में

अमित शाह ने गठबंधन में अकाली दल की भूमिका को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। दोनों दल पंजाब विधानसभा की सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत अभी जारी है। दोनों पार्टियां मिलकर अपना चुनावी घोषणा-पत्र भी तैयार करेंगी।

31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का वादा

गठबंधन की घोषणा के दौरान अमित शाह ने पंजाब में नशे की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने वादा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और युवाओं के कल्याण के साथ-साथ राज्य के विकास के लिए भी रोडमैप तैयार किया जाएगा।

हिंदू-सिख भाईचारे को बताया गठबंधन का आधार

अमित शाह ने भाजपा-अकाली दल गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे, पंजाबियत और राष्ट्रीय एकता से जुड़ा बताया। वहीं सुखबीर सिंह बादल ने इसे केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि पंजाब और देश के हितों से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने अपने पिता प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय से चले आ रहे संबंधों का भी उल्लेख किया।

2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले इस गठबंधन की वापसी से राज्य की राजनीतिक तस्वीर में नया समीकरण बना है। अब सभी की नजरें सीट बंटवारे, साझा चुनावी घोषणा-पत्र और दोनों दलों की आगामी रणनीति पर रहेंगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.