Assembly Election 2027: रामपुर में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, व्यय संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करेगी इंटेलिजेंस कमेटी

Rampur Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए रामपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव के दौरान धनबल और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय इंटेलिजेंस कमेटी (DIC) का गठन किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कमेटी की जिम्मेदारियां तय की गईं।

Assembly Election 2027: पिछले चुनावों में जब्ती के मामलों का होगा अध्ययन

बैठक में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि गठित कमेटी जनपद के व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों (Expenditure Sensitive Constituencies) को चिह्नित करेगी। इसके लिए पिछले चुनावों के दौरान नकदी, शराब, मादक पदार्थ, सोना-चांदी और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बांटी जाने वाली अन्य वस्तुओं की जब्ती से जुड़े मामलों का अध्ययन किया जाएगा। इसके अलावा चुनाव को प्रभावित करने वाली संदिग्ध गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन की भी निगरानी की जाएगी।

Voter List Revision: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से कोई पात्र नागरिक न रहे वंचित, 20 नवंबर तक त्रुटियां दूर करने के निर्देश

Assembly Election 2027: नकदी, शराब और संदिग्ध बैंक लेन-देन पर रहेगी नजर

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। नकदी, मदिरा और मादक पदार्थों के अवैध परिवहन के साथ ही मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से बांटी जाने वाली वस्तुओं पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।

उन्होंने बैंक खातों में होने वाले असामान्य लेन-देन और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जानकारी जुटाने के निर्देश भी दिए। वाणिज्य कर विभाग को जीएसटी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से सूचनाएं एकत्र करें और उनका गंभीरता से विश्लेषण करें।

Assembly Election 2027: निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी रिपोर्ट

जिलाधिकारी ने बताया कि व्यय संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान के बाद निर्धारित प्रारूप में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी। इससे विधानसभा चुनाव के दौरान प्रभावी निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Assembly Election 2027: डीएम अध्यक्ष और एसपी होंगे कमेटी के सदस्य

जिला स्तरीय इंटेलिजेंस कमेटी में जिलाधिकारी अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक सदस्य तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, उपायुक्त वाणिज्य कर (जीएसटी), आयकर अधिकारी और लीड बैंक मैनेजर को सदस्य नामित किया गया है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. संतोष उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुष्पेंद्र पटेल, नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम, अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.