Safety Of Women: कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनेगी आंतरिक परिवाद समिति, महिला आयोग अध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश

Budaun Safety Of Women At Workplaces : कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित संस्थानों में विशाखा गाइडलाइन के तहत आंतरिक परिवाद समिति (Internal Complaints Committee) का गठन कराया जाए। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए।

शुक्रवार, 13 नवंबर को विकास भवन स्थित सभागार में महिला आयोग की अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता के बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने महिला कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए महिलाओं की सुरक्षा एवं शिकायतों के निस्तारण को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

Disability Medical Board: दिव्यांगों की अनदेखी का आरोप, मेडिकल बोर्ड के डॉक्टर पर रिश्वत मांगने की शिकायत; आयोग अध्यक्ष ने दिए जांच के निर्देश

Safety Of Women: छोटी शिकायतों को भी गंभीरता से लें पुलिस अधिकारी

महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित छोटी से छोटी शिकायत को भी गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें समय पर न्याय मिल सके।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना बेहद जरूरी है। अधिकारियों को केवल विभागीय जिम्मेदारी समझकर नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए भी काम करना चाहिए।

Safety Of Women: कार्यस्थलों पर बनेगी आंतरिक परिवाद समिति, गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान

डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न को रोकने और उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए विशाखा गाइडलाइन के तहत आंतरिक परिवाद समिति का गठन कराया जाए। साथ ही समिति की जानकारी और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से गांव-गांव तक महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी पहुंचाई जाए। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को जागरूक बनाना है, ताकि वे किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकें।

Safety Of Women: शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान आयोग अध्यक्ष ने महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। किसी भी पीड़ित महिला को न्याय पाने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने महिलाओं से संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पूछा कि उन्हें इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र महिला तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

Safety Of Women: प्रेरणा कैंटीन का किया निरीक्षण, स्वच्छता और गुणवत्ता पर जोर

बैठक के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष ने विकास भवन स्थित प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंटीन में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

Safety Of Women: 10 महिलाओं की कराई गोद भराई, 10 बच्चों का हुआ अन्नप्राशन

इससे पहले उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने 10 महिलाओं की गोद भराई और 10 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया।

इस अवसर पर धात्री महिलाओं को बेबी किट भी वितरित की गईं। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण तथा समुचित देखभाल के महत्व पर जोर देते हुए संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने की बात कही।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.