Parole Petition: दादी की अंतिम रस्मों में शामिल होने के लिए अमृतपाल सिंह ने मांगी पैरोल, कोर्ट में याचिका दाखिल
Amritpal Singh Parole Petition: पंजाब के खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी माता चरण कौर के निधन के बाद उनकी अंतिम रस्मों में शामिल होने के लिए अदालत का रुख किया है। उनके वकील एडवोकेट कर्मवीर सिंह ने एडिशनल सेशन जज की अदालत में अंतरिम जमानत या पैरोल देने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की है। याचिका में पारिवारिक और धार्मिक कारणों का हवाला देते हुए मानवीय आधार पर राहत देने की अपील की गई है।
Parole Petition: 14 से 17 तारीख तक होंगी अंतिम रस्में
एडवोकेट कर्मवीर सिंह के मुताबिक, माता चरण कौर की अंतिम रस्मों का कार्यक्रम 14 से 17 तारीख तक निर्धारित है। 14 तारीख को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके बाद 15 तारीख को अस्थियों का जल प्रवाह किया जाएगा। इसी दिन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा।
इसके बाद 17 तारीख को अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा और अंतिम अरदास की जाएगी। वकील का कहना है कि अमृतपाल सिंह अपनी दादी के बेहद करीब थे। ऐसे में पारिवारिक और धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के लिए उनका इन कार्यक्रमों में शामिल होना जरूरी है।
Parole Petition: दादी की अंतिम इच्छा के बावजूद वीडियो कॉल नहीं होने का आरोप
एडवोकेट कर्मवीर सिंह ने मीडिया से बातचीत में प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि माता चरण कौर जब गंभीर रूप से बीमार थीं, तब उनकी अंतिम इच्छा अपने पोते अमृतपाल सिंह से मिलने की थी, लेकिन प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर मुलाकात की अनुमति नहीं दी।
वकील के अनुसार, बाद में अदालत की ओर से 10 मिनट की वीडियो कॉल की अनुमति मिलने के बावजूद यह बातचीत नहीं कराई गई। उन्होंने इसे अमानवीय बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। हालांकि, ये आरोप अमृतपाल सिंह के वकील की ओर से लगाए गए हैं।
Parole Petition: राम रहीम की पैरोल का उदाहरण देकर उठाए सवाल
अमृतपाल सिंह के वकील ने मानवीय आधार पर पैरोल देने के मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का भी उदाहरण दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि गंभीर अपराधों में दोषी ठहराए गए लोगों को भी अलग-अलग मौकों पर पैरोल मिलती रही है, जबकि अमृतपाल सिंह को अपनी दादी की अंतिम रस्मों में शामिल होने के लिए राहत क्यों नहीं दी जा रही है।
कर्मवीर सिंह ने राम रहीम को बार-बार पैरोल मिलने पर भी सवाल उठाए और सरकार पर राजनीतिक विरोधियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अमृतपाल सिंह पंजाब के युवाओं को नशे से दूर करने और पंथिक एवं राज्य के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं।
Parole Petition: अदालत से मानवीय आधार पर राहत देने की मांग
वकील कर्मवीर सिंह ने अदालत से अपील की है कि अमृतपाल सिंह को कुछ समय के लिए अंतरिम जमानत या पैरोल दी जाए, ताकि वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रस्मों में शामिल हो सकें।
फिलहाल याचिका पर अदालत के फैसले और राहत दिए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अदालत का निर्णय इस मामले में आगे की प्रक्रिया तय करेगा।
