Bhai Dooj: पर बहनों ने बताया भाई दूज पर्व का धार्मिक महत्व, सोनाली और जान्हवी ने सुनाई यमराज-यमुना की पौराणिक कथा
Religious Significance Of Bhai Dooj: भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इस अवसर पर सोनाली और जान्हवी ने भाई दूज की पौराणिक कथा और धार्मिक महत्व के बारे में जानकारी साझा की।
Bhai Dooj: भगवान यमराज और यमुना से जुड़ी है भाई दूज की परंपरा
सोनाली ने बताया कि भाई दूज का पर्व पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सूर्यपुत्र भगवान यमराज और उनकी बहन यमुना के पवित्र प्रेम से जुड़ा है। धार्मिक कथा के अनुसार, यमुना देवी अक्सर अपने भाई यमराज को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं, लेकिन अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण यमराज उनके घर नहीं जा पाते थे।
मान्यता है कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को अपने घर आया देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं। उन्होंने प्रेमपूर्वक उनका स्वागत किया, आरती उतारी और माथे पर तिलक लगाया। इसके बाद अपने हाथों से तैयार किए गए स्वादिष्ट पकवानों से भाई का आदर-सत्कार किया।
Bhai Dooj: यमुना के वरदान से शुरू हुई भाई दूज मनाने की परंपरा
जान्हवी ने पौराणिक कथा को आगे बढ़ाते हुए बताया कि बहन यमुना के प्रेम और आतिथ्य से प्रसन्न होकर भगवान यमराज ने उन्हें वरदान मांगने के लिए कहा। इस पर यमुना ने अपने लिए कुछ मांगने के बजाय संसार के सभी भाइयों के कल्याण की कामना की।

यमुना ने वरदान मांगा कि कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उसके हाथों से तिलक लगवाएगा और भोजन ग्रहण करेगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं सताएगा। यमराज ने उनकी प्रार्थना स्वीकार करते हुए तथास्तु कहा। इसी पौराणिक मान्यता के आधार पर भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित हुई।
Bhai Dooj: भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए बहनें करती हैं प्रार्थना
जान्हवी ने कहा कि भाई दूज केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, समर्पण और आपसी जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर मंगल तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं।
वहीं भाई भी अपनी बहनों के सम्मान, सुरक्षा और खुशियों का संकल्प लेते हैं। इस पर्व पर बहनों द्वारा भाइयों की आरती उतारने, उन्हें मिठाई और पकवान खिलाने तथा भाइयों द्वारा बहनों को उपहार देने की परंपरा भी निभाई जाती है।
सोनाली और जान्हवी ने भाई दूज के पावन अवसर पर सभी भाई-बहनों के जीवन में प्रेम, खुशहाली और सुख-समृद्धि बने रहने की कामना की।
