Kumari Selja: वायु प्रदूषण पर कुमारी सैलजा ने जताई चिंता, बोलीं- जनता को स्वच्छ हवा देना सरकारों की जिम्मेदारी

वायु प्रदूषण के साथ यमुना और घग्गर की बदहाली भी गंभीर चिंता का विषय, पिछले 12 वर्षों में प्रदूषण नियंत्रण पर खर्च हुए सरकारी धन का हिसाब दे सरकार

Kumari Selja Air Pollution (डॉ एम पी भार्गव , विशेष प्रतिनिधि हरियाणा): सिरसा की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री कुमारी सैलजा ने दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के विभिन्न शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जनता को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना सरकारों की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है। प्रदूषण के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराने से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब प्रदूषण के लिए पंजाब को जिम्मेदार ठहराया जाता था। अब दिल्ली में भाजपा की सरकार है और वह भी पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगा रही है। सवाल यह है कि दोनों दलों ने अपने-अपने शासनकाल में प्रदूषण रोकने के लिए कितने प्रभावी और स्थायी कदम उठाए हैं।

Kumari Selja: प्रदूषण नियंत्रण और यमुना सफाई के वादों पर उठाए सवाल

सांसद ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली में सत्ता संभालते समय प्रदूषण नियंत्रण और यमुना की सफाई को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन जनता आज भी उनके परिणामों की प्रतीक्षा कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में लगभग 12 वर्षों से भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है। उसे बताना चाहिए कि इस अवधि में नदियों की सफाई और प्रदूषण नियंत्रण पर कितनी धनराशि खर्च की गई और उससे क्या परिणाम सामने आए।

Kumari Selja: घग्गर नदी का प्रदूषण भी गंभीर चिंता का विषय

कुमारी सैलजा ने हरियाणा की जीवनदायिनी घग्गर नदी में बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नदी के पानी की गुणवत्ता और सिंचाई में उसके उपयोग की उपयुक्तता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि घग्गर नदी में औद्योगिक अपशिष्ट और दूषित पानी के प्रवाह को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Kumari Selja: केंद्र और तीन राज्यों की संयुक्त बैठक बुलाने की मांग

सांसद ने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद और हरियाणा के अन्य शहरों में बिगड़ती वायु गुणवत्ता बताती है कि प्रदूषण की समस्या केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है।

उन्होंने मांग की कि केंद्र, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की सरकारें तत्काल संयुक्त बैठक कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें। प्रदूषण नियंत्रण पर हुए खर्च का सार्वजनिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाए, लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय हो और हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट जारी की जाए।

Kumari Selja: लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ स्वीकार नहीं

कुमारी सैलजा ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और मेहनतकश लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। स्वच्छ हवा और स्वच्छ जल जनता का अधिकार है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप इस अधिकार का विकल्प नहीं हो सकते।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.