AI Training: सरकारी कामकाज को आसान और प्रभावी बनाएगी एआई तकनीक, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
नई तकनीक अपनाकर प्रशासनिक कार्यों में बढ़ाएं दक्षता, सटीकता और पारदर्शिता........जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी
AI Training In Rampur: रामपुर में सरकारी कामकाज को अधिक सरल, तेज और प्रभावी बनाने के लिए अब अधिकारियों और कर्मचारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बरेली रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (RUPAAM), लखनऊ के तत्वावधान में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन गवर्नेंस-सेंसिटाइजेशन’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने संस्थान का भ्रमण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रशासनिक कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता तेजी से बढ़ रही है। अधिकारी और कर्मचारी इस तकनीक को सीखकर अपने दैनिक शासकीय कार्यों को अधिक सरल, कम समय में और बेहतर तरीके से पूरा कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को एआई टूल्स के प्रभावी उपयोग में दक्षता हासिल करने तथा नई तकनीक को अपने कार्यों में अपनाने के निर्देश दिए।
Fake Milk Racket: एसडीएम शाहबाद ने 350 लीटर मिलावटी दूध किया बरामद
AI Training: पत्र तैयार करने से लेकर दस्तावेज बनाने तक का प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्रों का संचालन रूपम के प्रशिक्षक हमजा नईम खान और आनंद कुमार यादव ने किया। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में एआई के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि सही निर्देश (प्रॉम्प्ट) देकर आधिकारिक पत्रों का प्रारूप तैयार करने, विभिन्न दस्तावेज बनाने और कार्यालय से जुड़े अनेक कार्यों को कम समय में पूरा किया जा सकता है। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को स्वयं एआई टूल्स का इस्तेमाल कराते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रॉम्प्ट तैयार करने, सरकारी पत्र लिखने और अन्य कार्यालयी दस्तावेज बनाने का अभ्यास किया। उन्हें बताया गया कि सही तरीके से एआई का उपयोग करने से कार्यों की सटीकता, गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है।

AI Training: तकनीक आधारित सुशासन को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम के समापन पर राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य श्री डीवी सिंह ने रूपम, प्रशिक्षकों, जिलाधिकारी और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समन्वय संस्थान के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी सिमरत सिंह गिल ने किया। प्रशिक्षण का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दैनिक कार्यालयी कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का जिम्मेदारीपूर्वक और प्रभावी उपयोग करेंगे तथा तकनीक आधारित सुशासन को बढ़ावा देने में योगदान देंगे।
