Sirsa Road Accident: बाइक को घसीटते हुए सड़क से नीचे उतरी थार, हादसे में युवक की मौत; तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
Sirsa Road Accident (एम पी भार्गव): हरियाणा के सिरसा जिले में ऐलनाबाद उपमंडल के गांव ओटू के पास चकराइयां गांव के नजदीक रविवार रात थार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक थार के नीचे फंस गई और गाड़ी उसे घसीटते हुए सड़क से नीचे उतर गई। दुर्घटना में बाइक सवार गांव बालासर निवासी 32 वर्षीय हरदीप कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद थार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद हरदीप का शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और गांव के लोग अस्पताल पहुंचे। हरदीप अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है।
Sirsa Road Accident: ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था हरदीप
जानकारी के अनुसार, हरदीप कुमार पुत्र सतपाल सिंह सिरसा के आरके वर्मा बालाजी अस्पताल में पिछले करीब 10 वर्षों से कंपाउंडर के पद पर कार्यरत था। रविवार रात करीब आठ बजे वह ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अपने गांव बालासर लौट रहा था। इसी दौरान चकराइयां गांव के पास सामने से आ रही थार से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद बाइक थार के नीचे फंस गई और वाहन उसे घसीटते हुए सड़क से नीचे उतर गया। हादसे में हरदीप के सिर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के ग्रामीणों ने दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हरदीप को मृत घोषित कर दिया।
Sirsa Road Accident: बाइक सवार का साथी गंभीर, रीढ़ की हड्डी में चोट
हादसे में घायल दूसरा युवक जीवन नगर का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी हालत गंभीर है और उसकी रीढ़ की हड्डी टूटने की जानकारी सामने आई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
Sirsa Road Accident: भाई के बयान पर थार चालक के खिलाफ केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी एसआई लेखराज के अनुसार, मृतक के भाई मक्खन सिंह के बयान पर थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर दुर्घटना की जांच कर रही है। हादसे के बाद थार चालक के वाहन छोड़कर फरार होने के मामले में भी जांच की जा रही है।

[…] […]