Police Commemoration Day: सिरसा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, परिजनों को किया सम्मानित
एसपी दीपक सहारन बोले- शहीद देश की अमूल्य धरोहर, उनका बलिदान हमेशा देगा प्रेरणा
Sirsa Police Commemoration Day 2026 (एम पी भार्गव): बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन परिसर में बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में सिरसा में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सब इंस्पेक्टर हंसराज और सब इंस्पेक्टर हरनाम सिंह के परिजनों को भी आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
Police Commemoration Day: शहीदों का त्याग हमेशा याद रखा जाएगा: एसपी दीपक सहारन
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि शहीद देश की अमूल्य धरोहर हैं। देश और समाज की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। उनकी शहादत पुलिस बल के प्रत्येक जवान को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से ड्यूटी निभाने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं। पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों पर चलने और देशसेवा के संकल्प को दोहराने का दिन भी है।

Police Commemoration Day: शहीद परिवारों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी
एसपी ने कहा कि शहीद जवानों के परिवारों का मान-सम्मान बनाए रखना पुलिस विभाग और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इन परिवारों के त्याग और योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाना चाहिए।

Police Commemoration Day: 1959 की शहादत की याद में मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
दीपक सहारन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की स्मृति में इस दिवस की शुरुआत हुई थी।
कार्यक्रम के दौरान देशभर में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक शहीद हुए पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 154 जवानों के नामों का वाचन किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शदीप सिंह, डीएसपी सुखबीर सिंह, डीएसपी राजेश कुमार और डीएसपी राजवीर सिंह सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को नमन किया।
UP Ranji Team Captain: आर्यन जुयाल को यूपी रणजी टीम का कप्तान चुने जाने पर मिल रही बधाइयां
