Rampur News Today: पुलिस मुठभेड़, मिशन शक्ति और जनगणना-2027 समेत जिले की प्रमुख खबरें
रामपुर में भैंस लूट के मामले में मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार
Rampur News Today: रामपुर जिले के थाना टांडा क्षेत्र में भैंस लूट के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर भूरा और उसके साथी साकिब को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भूरा के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, 12,500 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को दर्ज मुकदमे में चार अज्ञात आरोपियों पर तमंचे के बल पर दो भैंस लूटने का आरोप था। विवेचना के दौरान भूरा और साकिब के नाम सामने आए। इससे पहले 3 अक्टूबर को इसी मामले में आरोपी आलम उर्फ बाबू को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया जा चुका है।
रामपुर में 23 अक्टूबर को शराब की दुकानें रहेंगी बंद, शिक्षक एमएलसी चुनाव के चलते ड्राई डे घोषित
पुलिस का कहना है कि रनुआ नगला तिराहे पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि उन्होंने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में भूरा घायल हो गया, जबकि साकिब को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में भूरा ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथियों के साथ 23-24 सितंबर की रात चक खरदिया गांव से भैंस लूट की घटना को अंजाम दिया था। उसके अनुसार, भैंस बेचने से मिले हिस्से में से कुछ रुपये बचे थे। वहीं, साकिब ने कथित तौर पर बताया कि वह भूरा के साथ किसी नई घटना की रेकी करने आया था और भैंस लूट की वारदात में शामिल नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, भूरा के खिलाफ मुरादाबाद और रामपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में थाना टांडा में भी संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस लाइन का निरीक्षण, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेने के बाद परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों के टर्नआउट की जांच की और पुलिस लाइन स्थित भोजनालय, रीडिंग रूम, कैंटीन, मनोरंजन कक्ष, म्यूजियम, जिम, आरटीसी कार्यालय, कैश कार्यालय और परिवहन शाखा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Rampur News Today: जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत अधिकारियों को स्वगणना प्रक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण
जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों को स्वगणना प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स ने निर्धारित 40 प्रश्नों को भरने की प्रक्रिया समझाई।

प्रशिक्षण में बताया गया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन प्रश्नों के उत्तर भर सकेंगे। इसके लिए सही, पूर्ण और सावधानीपूर्वक जानकारी दर्ज करना आवश्यक होगा। अधिकारियों को जनगणना के महत्व तथा विकास योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के बेहतर नियोजन में जनगणना के आंकड़ों की भूमिका से भी अवगत कराया गया।
Rampur News Today: मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को मिली पुलिस की जिम्मेदारी, सरकारी योजनाओं की भी दी जानकारी
मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और पुलिस कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई। थाना टांडा क्षेत्र के ग्राम अलीपुरा निवासी मेधावी छात्रा मोनिका चौधरी को एक दिन की क्षेत्राधिकारी टांडा बनाया गया, जबकि ग्राम जालपुर निवासी सावित्री देवी डिग्री कॉलेज की छात्रा पारसी दिवाकर को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया।

पदभार ग्रहण करने के बाद दोनों छात्राओं ने कार्यालय में आए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसी अभियान के अंतर्गत जवाहर पब्लिक इंटर कॉलेज में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना रहा।
Rampur News Today: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची का प्रारूप 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में सुधार के लिए दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और विवरण में सुधार के लिए 17 तथा 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।
नागरिक फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से नाम जुड़वाने, हटवाने या विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बीएलओ, तहसील कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से करने के साथ ही निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या ECINET मोबाइल ऐप का भी उपयोग किया जा सकता है।
Rampur News Today: सेंट पॉल स्कूल में गंगा संरक्षण और स्वच्छता का संदेश
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन और प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी के मार्गदर्शन में जिला गंगा समिति ने सेंट पॉल स्कूल में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर, रंगोली, भाषण, निबंध और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त गंगा का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लव कुमार ने कहा कि गंगा जीवनदायिनी नदी है और इसे स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने गंगा संरक्षण और स्वच्छता की शपथ ली।
Rampur News Today: एएचटीयू थाने का निरीक्षण, लंबित मामलों की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी टांडा पंकज पंत ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों, गुमशुदा व्यक्तियों और मानव तस्करी से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। क्षेत्राधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Rampur News Today: मिशन शक्ति 6.0 के तहत छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
जवाहर पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अंतर्गत जवाहर पब्लिक इंटर कॉलेज, में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) एवं स्पॉन्सरशिप योजना सहित वृद्धावस्था पेंशन योजना, छात्रवृत्ति योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक जानकारी साझा करते हुए पात्र लाभार्थियों को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को महिला एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
यह कार्यक्रम शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निदेशक, महिला कल्याण, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी कार्ययोजना के अनुसार आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन कार्यालय, हब की डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर ज्योति शर्मा, जेंडर स्पेशलिस्ट अंजू शर्मा एवं निदा जैदी सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
