Fit India Campaign: अमृतसर के खालसा कॉलेज में फिट इंडिया-फिट पंजाब कार्यक्रम का आयोजन; युवाओं से नशा छोड़ खेल चुनने की अपील
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता हॉकी स्टार जर्मनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह का हुआ भव्य सम्मान
Fit India Campaign: ’फिट इंडिया’ और ‘फिट पंजाब’ अभियान के तहत स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) द्वारा खालसा कॉलेज और खालसा यूनिवर्सिटी, अमृतसर में एक विशेष खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंजाब के युवाओं को तंदुरुस्त रहने और खेलों के प्रति प्रेरित करना था।
Fit India Campaign: दिग्गज और वर्तमान खिलाड़ियों का हुआ मेल
कार्यक्रम के दौरान खालसा कॉलेज शासी निकाय के ऑनरेरी सचिव राजिंदर मोहन सिंह छीना ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और साई (SAI) के प्रयासों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ने देश को महान खिलाड़ी दिए हैं।
इस आयोजन में भारतीय हॉकी के पुराने दिग्गज ओलंपियन ब्रिगेडियर हरचरण सिंह और अर्जुन अवार्ड विजेता मैडम सुमन बाला के साथ-साथ हाल ही में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे वर्तमान भारतीय हॉकी खिलाड़ी जर्मनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह भी शामिल हुए। राजिंदर मोहन छीना ने कहा कि पुराने दिग्गजों और वर्तमान स्टार खिलाड़ियों का एक ही मंच पर आना युवा एथलीटों के लिए एक बहुत बड़ा प्रेरणा स्रोत है। खालसा कॉलेज के मैदानों ने देश को कई बड़े खिलाड़ी दिए हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों का स्वागत रहेगा।

Fit India Campaign: युवाओं से खेलों से जुड़ने और नशा छोड़ने की अपील
भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी जुगराज सिंह ने खालसा कॉलेज और अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने इसी मैदान से अपनी हॉकी की शुरुआत की थी। उन्होंने पंजाब की युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और शारीरिक फिटनेस की ओर ध्यान देना चाहिए। खेल न केवल स्वास्थ्य सुधारते हैं बल्कि एक बेहतर भविष्य का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने अपने गांव अट्टारी का जिक्र करते हुए बताया कि उनके गांव में भी अब 100 से ज्यादा बच्चे हॉकी खेल रहे हैं, जो कि एक सकारात्मक बदलाव है।

Fit India Campaign: एशियाई खेलों में ऐतिहासिक सफलता
हॉकी स्टार जर्मनप्रीत सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना और सीधे पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करना पूरी टीम के लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण था। उन्होंने कहा कि विश्व कप के बाद टीम ने जबरदस्त वापसी की और कठिन मेहनत के बल पर यह सफलता हासिल की। जर्मनप्रीत सिंह ने बताया कि जब युवा खिलाड़ी उनसे मार्गदर्शन मांगने आते हैं, तो वे उनके साथ अपना अनुभव साझा करते हैं ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़ सके और वे देश का नाम रोशन कर सकें।
Fit India Campaign: खेल ढांचे और टर्फ की आवश्यकता
इंटरव्यू के दौरान खिलाड़ियों ने पंजाब में खेल बुनियादी ढांचे को सुधारने पर भी जोर दिया। जुगराज सिंह ने कहा कि आजकल अंतरराष्ट्रीय हॉकी पूरी तरह से एस्ट्रोटर्फ (Astroturf) पर खेली जाती है, इसलिए हर गांव, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर टर्फ वाले मैदानों की सख्त आवश्यकता है ताकि शुरुआती स्तर से ही बच्चों को सही प्रशिक्षण मिल सके। साथ ही, खिलाड़ियों को मिलने वाले प्रोत्साहन और पुरस्कार राशि में भी वृद्धि करने की अपील की गई ताकि खिलाड़ी और अधिक प्रेरित हो सकें।
