45 स्वर्ण पदकों के साथ मुख्यांचल बना ओवरऑल चैंपियन
भारत के मानचित्र की मानव शृंखला बनाकर खिलाड़ियों ने लहराया तिरंगा, तीन दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन
- रिपोर्ट: मनीष कुमार
दुद्धी(सोनभद्र)। सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज के टाउन क्लब मैदान में आयोजित 35वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन खेल उत्साह और देशभक्ति के माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में मुख्यांचल ने बालक वर्ग में 24 और बालिका वर्ग में 23 स्वर्ण पदक जीतकर कुल 45 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। पूर्वांचल दूसरे और ऊर्ध्वंचल तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन मुख्य अतिथि तथा जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। छात्र-छात्राओं ने भारत के मानचित्र की मानव शृंखला बनाकर तिरंगा लहराया और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता की विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में अंजली सोनी और अंडर-14 बालक वर्ग में अमान कादरी ने दौड़ की स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। अंडर-17 बालिका वर्ग में अंजली ने तीन स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि अंडर-17 बालक वर्ग में जय प्रकाश आदिवासी ने गोला, चक्र और भाला प्रक्षेप में स्वर्ण पदक जीते। अंडर-19 बालिका वर्ग में ज्योति और सुमन ने अलग-अलग स्पर्धाओं में तीन-तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच व्यक्तिगत चैंपियन खिलाड़ियों को कप देकर सम्मानित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कॉलेज प्रबंधक राजेश्वर श्रीवास्तव और आयोजन से जुड़े शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की।
