Mad Sandhu’s funeral: शमशान घाट में उमड़ा जनसैलाब: पोस्टमार्टम के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू का हुआ अंतिम संस्कार।
"इंसान दिल का बुरा नहीं था, बस छवि खराब बना दी गई": अंतिम विदाई पर फूट-फूट कर रोए करीबी और दोस्त।
Mad Sandhu’s funeral: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और डिजिटल क्रिएटर मैड संधू के असामयिक निधन के बाद उनके पैतृक क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। श्मशान घाट पर परिवार, रिश्तेदारों और भारी संख्या में उनके चाहने वालों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
श्मशान घाट पर मौजूद मैड संधू के करीबी दोस्तों और साथियों ने मीडिया से बातचीत करते हुए उनके व्यक्तित्व और समाज सेवा से जुड़े कई पहलुओं को साझा किया। उनके एक करीबी साथी ने भावुक होकर बताया कि मैड संधू दिल के बेहद साफ इंसान थे। उन्होंने कहा, “वह कभी किसी का बुरा नहीं चाहते थे। बाढ़ के समय लोगों की मदद करनी हो, छबील लगानी हो या लंगर की सेवा करनी हो—वे हमेशा आगे रहते थे। सोशल मीडिया और लोगों ने मिलकर उनकी छवि को गलत तरीके से पेश किया। असल जिंदगी में वे हर किसी की मदद करने वाले नेक इंसान थे।”
बातचीत के दौरान उनके दोस्त ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि मैड संधू के करियर में जल्द ही एक बहुत बड़ा मोड़ आने वाला था। उनके मुताबिक, मैड संधू की मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में एंट्री तय हो चुकी थी और इसका सारा आधिकारिक पेपरवर्क भी पूरा कर लिया गया था। 29 तारीख को उनका शो से जुड़ा कार्यक्रम तय था, जिसे लेकर परिवार और वे बेहद उत्साहित थे, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।
अंतिम संस्कार के दौरान माहौल उस वक्त और अधिक भावुक हो गया जब उनके भाई और दोस्तों की बेबसी सामने आई। बताया गया कि मैड संधू अपने भाई की शादी को लेकर बहुत उत्साहित थे और कई तरह की योजनाएं बना रहे थे। उनका सपना था कि वे भाई के सिर पर सेहरा सजाएं और खूब जश्न मनाएं। लेकिन नियति ने ऐसा दर्दनाक मोड़ लिया कि शादी के सेहरे की जगह उन्हें खुद अंतिम यात्रा पर रवाना होना पड़ा। श्मशान घाट में मौजूद हर आंख इस नौजवान की अचानक हुई मौत पर नम थी।
