Barabanki: राखी पर किया वादा निभाया, बाराबंकी के चार KGBV में स्थापित हुईं 5 स्मार्ट क्लास
Barabanki Smart Classes: बाराबंकी के चार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कुल 5 स्मार्ट क्लास स्थापित की गई हैं। रक्षाबंधन पर छात्राओं से किए वादे को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पूरा किया।
- रिपोर्ट- कपिल सिंह
Barabanki KGBV Smart Classes: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर केजीबीवी की बालिकाओं ने जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह को राखी बांधते हुए विद्यालय में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।
जिलाधिकारी ने बालिकाओं से किए गए वादे को पूरा करते हुए जनपद के चार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कुल 5 स्मार्ट क्लास स्थापित कराई हैं। इनमें केजीबीवी मसौली में 2, देवा में 1, सिरौलीगौसपुर में 1 तथा फतेहपुर में 1 स्मार्ट क्लास शामिल है। जिलाधिकारी के प्रयासों से बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सीएसआर फण्ड के माध्यम से इन स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
कक्षा शिक्षण को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाया जा सकेगा
स्मार्ट क्लास के माध्यम से बालिकाओं को डिजिटल शैक्षिक सामग्री, विषयवार वीडियो, प्रस्तुतियों, एनिमेशन एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। इससे विशेष रूप से विज्ञान, गणित सहित कठिन विषयों की अवधारणाओं को दृश्य एवं सरल माध्यम से समझने में सहायता मिलेगी तथा कक्षा शिक्षण को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाया जा सकेगा। स्मार्ट क्लास की सुविधा मिलने से बालिकाओं में भी उत्साह का माहौल है और उन्हें आधुनिक शैक्षिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
जिलाधिकारी द्वारा बालिकाओं की शैक्षिक आवश्यकताओं के साथ-साथ केजीबीवी विद्यालय परिसरों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालयों की आवश्यकताओं का लगातार संज्ञान लेते हुए परिसर के अंदर के रास्तो, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उद्देश्य यह है कि केजीबीवी में अध्ययनरत बालिकाओं को शिक्षा के लिए बेहतर संसाधनों के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध हो।
रक्षाबंधन पर बालिकाओं ने स्मार्ट क्लास की मांग रखी थी
बाराबंकी जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। रक्षाबंधन पर बालिकाओं ने स्मार्ट क्लास की मांग रखी थी, जिसे पूरा किया गया है। इसी प्रकार विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि केजीबीवी की बालिकाओं को शिक्षा, तकनीक और आवश्यक सुविधाओं से युक्त ऐसा वातावरण मिले, जिससे वे अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का पूर्ण विकास कर भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।
