Sirsa voter list revision: सिरसा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा, अब तक 27,206 प्रपत्र प्राप्त

डीसी शांतनु शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मांगा सहयोग, सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर

Sirsa voter list revision ( एम पी भार्गव ): उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। इस अवसर  पर इलेक्शन तहसीलदार हनुमान दास, आईएनएलडी से ओम प्रकाश, बीएसपी से रमेश कुमार तथा आम आदमी पार्टी से विजय कुमार मौजूद रहे। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त प्रपत्रों तथा नोटिस एवं सुनवाई की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची में नाम शामिल करने, नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों और प्रक्रिया की जानकारी दी। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक कुल 27,206 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। प्राप्त प्रपत्रों में 16,754 फार्म-6, 2,166 फार्म-7 और 8,277 फार्म-8 शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र अनुसार कालांवाली में 4,378, डबवाली में 6,425, रानियां में 5,153, सिरसा में 5,928 तथा ऐलनाबाद में 5,322 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार अनुसार फार्म-6 की स्थिति में कालांवाली से 2,587, डबवाली से 4,290, रानियां से 3,526 तथा सिरसा से 3,145 व ऐलनाबाद में 3,206 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं।

उपायुक्त शांतनु शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने बूथ स्तरीय एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं सुनवाई प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने तथा गलत या अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.