Rampur Seva Sankalp Campaign: सेवा संकल्प में दिखा सेवा का संकल्प, शिविरों में जनसमूह का दिखा उत्साह

बिलासपुर में 10 दिव्यांगजनों को उपकरण, मिलक में 10 किसानों को चेक, सैदनगर में मतदाता जागरूकता; 180 ग्राम पंचायतें हुईं प्लास्टिक मुक्त

Rampur Seva Sankalp Campaign: सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिलेभर में सेवा और जनभागीदारी का असर दिखाई दिया। छह विकासखंडों और 11 नगर निकायों में चल रहे सेवा सेतु शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन किए। बिलासपुर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण मिले तो मिलक में कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। सैदनगर में मतदाता जागरूकता पर जोर रहा। वहीं स्वच्छता अभियान के तहत जिले की 180 ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त घोषित किया गया।

शासन के निर्देश पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। इसके तहत 21 से 27 सितंबर तक सेवा सेतु अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।

rampur-seva-sankalp-seva-setu-camps-plastic-free-villages
कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित

 

बिलासपुर में दिव्यांगों को मिले सहायक उपकरण

विकासखंड बिलासपुर में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने फीता काटकर सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने 20 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, बैसाखी और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। स्वयं सहायता समूहों के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले 23 कैडर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। किसानों को धान की फसल को रोगों से बचाने के लिए कीटनाशक भी उपलब्ध कराए गए।
शिविर में करीब 250 लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख बिलासपुर, ग्राम प्रधान, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मिलक में 10 लाभार्थियों को मिले चेक

विकासखंड मिलक में विधायक राजबाला सिंह ने सेवा शिविर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 10 पात्र लाभार्थियों को चेक दिए गए। दैवीय आपदा से प्रभावित लोगों को भी योजनाओं का लाभ दिलाया गया।

rampur-seva-sankalp-seva-setu-camps-plastic-free-villages
विधायक राजबाला सिंह

वहीं जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत मुख्यमंत्री आवास योजना के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में शुक्रवार को 435 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि मिलक विकासखंड में अब तक 3537 लोग सेवा शिविरों में पहुंच चुके हैं। विधायक प्रतिनिधि दिलीप लोधी सहित ग्राम प्रधान और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सैदनगर में मतदाता जागरूकता की पाठशाला

विकासखंड सैदनगर में सेवा सेतु शिविर की थीम मतदाता जागरूकता रही। अधिकारियों ने लोगों को मतदान के अधिकार और कर्तव्य, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और नाम की जांच करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका को लेकर भी जागरूक किया गया।
शिविर में 451 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए 109 लोगों ने आवेदन पत्र जमा किए।

180 ग्राम पंचायतें प्लास्टिक मुक्त

सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी अभियान तेज किया गया है। पंचायती राज विभाग की टीम ने नगलिया आकिल और सींगनखेड़ा ग्राम पंचायतों में सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित कर ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

ग्रामीणों को कपड़े के थैले और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, पृथक्करण और उचित निस्तारण पर भी जोर दिया गया।

जिले में शुक्रवार को 180 ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी ने कहा कि सेवा ही संकल्प अभियान का उद्देश्य सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं है। स्वच्छ, स्वस्थ और प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने के लिए ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से प्लास्टिक मुक्त गांव के संकल्प को बनाए रखने की अपील की।

डीएम ने कसी अधिकारियों की लगाम

सेवा संकल्प अभियान की जिलाधिकारी ने समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान में प्राप्त आवेदन पत्रों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के माध्यम से योजनाओं और शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।

स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का जोर इस बात पर है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और उसकी समस्या का समाधान उसके नजदीक ही हो।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.