Arjun Ram Meghwal Punjab drug crisis: अमृतसर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल; नशे के मुद्दे पर पंजाब सरकार को घेरा
'जेलों तक में बिक रहा है नशा, बोलने वालों पर हो रही कार्रवाई' — अर्जुन राम मेघवाल का बड़ा आरोप
Arjun Ram Meghwal Punjab drug crisis: केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल अमृतसर पहुंचे, जहाँ उन्होंने पंजाब में गहराते नशे के संकट को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाना और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना सिर्फ किसी एक दल का नहीं, बल्कि राज्य के प्रत्येक नागरिक का साझा संकल्प होना चाहिए।
’नशामुक्त पंजाब’ अभियान सामाजिक सुधार का कार्य
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा शुरू किया गया यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक बड़ा सामाजिक सुधार अभियान है। इसे राजनीति के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, तो उस विजन में पंजाब का भी पूरी तरह विकसित होना बेहद जरूरी है।
अतीत का गौरव और आज का दर्दनाक सच
मेघवाल ने पंजाब के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि एक दौर था जब पंजाब देश की जीडीपी में अग्रणी भूमिका निभाता था और देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में गिना जाता था। लेकिन आज नशे की लत ने पंजाब के युवाओं और उनके परिवारों को बर्बाद करके रख दिया है। उन्होंने अपने दौरे के दौरान पीड़ित परिवारों से मुलाकात का भावुक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि एक बुजुर्ग महिला ने रोते हुए उनसे कहा कि वह बर्तन मांजकर किसी तरह अपना घर चलाती हैं और उनका परिवार नशे की वजह से बर्बाद हो चुका है।
सत्ता में बैठे लोगों की नाकामी और मिलीभगत पर प्रहार
मौजूदा शासन व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगभग साढ़े चार साल पहले राज्य में सरकार बनाने वालों ने दावा किया था कि वे दो से तीन महीने के भीतर नशे को जड़ से खत्म कर देंगे। हकीकत यह है कि नशा खत्म होने की बजाय और अधिक पैर पसार चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और सिस्टम में बैठे लोग नशे के काले कारोबार में लिप्त हैं। आज स्थिति यह हो चुकी है कि जेलों तक में धड़ल्ले से नशा पहुंच रहा है। जो लोग खुलेआम नशा बेच रहे हैं, उन पर कार्रवाई करने के बजाय नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वालों को ही निशाना बनाया जा रहा है। इस मिलीभगत से राज्य में भ्रष्टाचार भी चरम पर पहुंच गया है।
संकल्प लेकर आगे बढ़ने का आह्वान
केंद्रीय मंत्री ने अंत में जोर देकर कहा कि अगर पंजाब को फिर से खुशहाल और विकसित बनाना है, तो नशे के इस जाल को पूरी ताकत से तोड़ना ही होगा। बीजेपी पंजाब के लोगों के साथ मिलकर इस सामाजिक बुराई के खात्मे तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
