Rampur House Occupation Complaint: मकान पर कब्जे के प्रयास का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Rampur House Occupation Complaint: रामपुर के थाना अजीमनगर क्षेत्र के खौद गांव निवासी आकाश ने बुधवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को प्रार्थना पत्र देकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके मकान पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। मकान में लगे ताले को तमंचा दिखाकर तोड़ने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि ताला तोड़ने की घटना का वीडियो उसके पास मौजूद है.
आकाश के मुताबिक, मकान को लेकर सिविल कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है और कोर्ट ने उसके पक्ष में स्टे दिया है। उसका दावा है कि आदेश में मकान की स्थिति यथावत रखने और किसी तरह का निर्माण या अन्य कार्य नहीं करने के निर्देश हैं। पीड़ित का आरोप है कि इसके बावजूद मकान पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है और न्यायालय के आदेश का पालन नहीं हो रहा है.

पीड़ित ने बताया कि वह मकान में नहीं रहता और वहां हमेशा ताला लगा रहता है। आरोप है कि उसके बाहर जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला तुड़वाकर दूसरे पक्ष को कब्जा दे दिया। आकाश का यह भी आरोप है कि पुलिस उसे थाने ले गई और एक घंटे तक बैठाए रखा। बाद में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया.
आकाश ने आरोप लगाया कि उसके घर पर मौजूद पत्नी, बच्चों और मां को भी दूसरे पक्ष के लोगों ने धमकाया। उसका दावा है कि कुछ लोग पिस्तौल लेकर उसके घर पहुंचे थे, जिसकी ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है। पीड़ित ने बताया कि उसने पुलिस अधिकारियों और थाने में भी वीडियो दिखाकर शिकायत की, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई.
आकाश ने कहा कि उसके पास जमीन और मकान से संबंधित दस्तावेज, खसरा, नक्शा और बिजली का मीटर सहित अन्य कागजात मौजूद हैं। उसने आरोप लगाया कि इसके बावजूद गौरव, करण और रमेश समेत कुछ लोग मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं.
पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उसने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है.
